शिमला, 07 जुलाई (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाचन विधानसभा क्षेत्र की स्यांज पंचायत के पंगलिपुर, सैंज और सिराज विधानसभा क्षेत्र के बाख्ली कुकलाह का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जानकारी दी कि आपदा प्रभावित लोगों से लगातार यह मांग आ रही थी कि राशन तो उपलब्ध है,0 लेकिन खाना बनाने के लिए बर्तन नहीं हैं। इसे ध्यान में रखते हुए भाजपा ने निर्णय लिया है कि अगले 48 घंटे के भीतर 1000 बर्तन किट प्रभावितों को वितरित की जाएंगी।
डॉ. बिंदल ने बताया कि इस निर्णय के तुरंत बाद घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र से एक गाड़ी रवाना की गई जिसमें 100 से अधिक बर्तन किट शामिल थीं। भाजपा कार्यकर्ता पोलिंग बूथ स्तर तक समन्वय बनाकर इन किटों को तैयार करने में जुटे हैं।
डॉ. बिंदल ने बताया कि प्रत्येक बर्तन किट को एक मिनी किचन के रूप में तैयार किया गया है। इसमें 1 कुकर, 1 कड़ाही, 6 थाली, गिलास, कटोरियां, चम्मच, चकला, बेलन, बाल्टी और मग आदि शामिल हैं। यह एक छोटा सा सेवा प्रयास है जिससे प्रभावित परिवारों को थोड़ी राहत दी जा सके। उन्होंने कहा कि भले ही नुकसान बहुत बड़ा है और उसकी भरपाई असंभव है, लेकिन भाजपा की कोशिश है कि जमीनी स्तर पर मदद पहुंचाई जाए।
प्रदेश सरकार पर तीखा हमला करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि जिन 500 से अधिक लोगों को 2023 और 2024 की आपदाओं में 100% नुकसान हुआ है, वे आज भी पुनर्वास का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने अपने घर, बाग-बगीचे और संपत्तियां खो दीं, लेकिन सरकार आज तक उन्हें जमीन नहीं दे पाई। यह प्रदेश सरकार की विफलता है और इस पर गंभीरता से सोचने की जरूरत है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश सरकार राहत कार्यों में लगातार देरी कर रही है। प्रभावित क्षेत्रों में जेसीबी और पोकलेन मशीनें नजर नहीं आ रही हैं, जिससे नुकसान और अधिक बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई घरों में पानी और पेड़ घुस चुके हैं, और लोगों के बगीचे पत्थरों से भर चुके हैं। ऐसी स्थिति में सरकार की त्वरित कार्यवाही ही राहत पहुंचा सकती है।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला