
जगदलपुर । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज (शनिवार) बस्तर दशहरा के विशेष कार्यक्रम मुड़िया दरबार में जगदलपुर में 80 परगनाओं से आए मांझी-मुखियाओं से रुबरू होकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। यह पहला अवसर होगा जब कोई केंद्रीय गृहमंत्री इस पारंपरिक दरबार में जनजातीय प्रतिनिधियों से आमने-सामने बातचीत करेंगे। विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरे की यह परंपरा 145 वर्षों से जारी है ।
अमित शाह दोपहर 12 बजे जगदलपुर पहुँचेंगे और सीधे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगे और सेवा पखवाड़ा प्रदर्शनी में भी भाग लेंगे। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दौरे की तैयारियों की निगरानी की और सुरक्षा व कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।
अमित शाह का बीते 22 महीनों में यह छठा बस्तर दौरा होगा। इससे पहले 5 अप्रैल 2025 को वे दंतेवाड़ा में आयोजित ‘बस्तर पंडुम’ (मेला) में शामिल हुए थे और मंच से आदिवासी अस्मिता व संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का संकल्प लिया था। इस बार वे उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सनातन आस्था और आदिवासी परंपरा के अद्वितीय संगम बस्तर दशहरा का हिस्सा बनेंगे।
ज्ञात हो कि 1876 से पहले बस्तर दशहरे के दौरान मांझी-मुखिया और ग्रामीण राजमहल में ठहरते थे और राजा का दरबार लगता था। उसी दौरान अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों और जंगल पर जनजातीय अधिकारों पर अंकुश के विरोध में झाड़ा सिरहा के नेतृत्व में मुरिया जनजाति ने ऐतिहासिक विद्रोह छेड़ा। 8 मार्च 1876 को सिरोंचा के डिप्टी कमिश्नर मैक जॉर्ज को आंदोलनकारियों के सामने झुकना पड़ा और राजस्व-प्रशासनिक सुधार लागू करने पड़े।
यही विद्रोह जनजातीय एकता और अधिकारों की रक्षा का प्रतीक बना। इसके बाद से दशहरे के अवसर पर राजमहल के राजा दरबार की जगह झाड़ा सिरहा की गुड़ी में ‘मुरिया दरबार‘ लगने लगा। 1965 तक महाराजा स्व. प्रवीरचंद्र भंजदेव स्वयं इसकी अध्यक्षता करते रहे। बाद में यह परंपरा शासन-प्रशासन की उपस्थिति में जारी रही।
You may also like
60 महिलाओं को निर्विवादित वरासत, दिव्यांग प्रमाणपत्र एवं पारिवारिक सदस्यता प्रमाणपत्र किये गए प्रदान
पदाधिकारियों व विचार परिवार की शक्ति से भाजपा जीतेगी एमएलसी चुनाव : सन्तविलास शिवहरे
एसडीएम सदर ने लेखपालों को दिए सख्त निर्देश, आवेदकों को समय पर मिले सभी सेवाओं का लाभ
कन्नौज: नरेंद्र कुमार झा जिले के नए जनपद एवं सत्र न्यायाधीश
वर्दी हुई दागदार: दरोगा पर महिला के साथ बलात्कार का आरोप